(चंदन सिंह, संवाददाता, बोकारो)
बोकारो – झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी बोकारो परिसदन में आयोजित एक विशेष सम्मान समारोह में शामिल हुए। यह कार्यक्रम भारतीय सेना के जवान और बोकारो निवासी सद्दाम हुसैन के सम्मान में आयोजित किया गया था। गौरतलब हो कि हाल ही में सद्दाम हुसैन को कश्मीर में आतंकवादियों के खिलाफ साहसिक कार्रवाई के लिए भारत की राष्ट्रपति के द्वारा शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया है।
आयोजित कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि यह सिर्फ झारखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि बोकारो के बेटे ने कश्मीर में आतंकियों का मुकाबला कर देश का मान बढ़ाया है और उन्हें राष्ट्रपति के द्वारा शौर्य चक्र से सम्मानित किया जाना पूरे राज्य के लिए गौरव की बात है। साथ ही कहा कि वे झारखंड के मुख्यमंत्री से मिलकर सद्दाम हुसैन को राज्य सरकार की ओर से विशेष सम्मान और प्रोत्साहन दिलाने का आग्रह करेंगे।








