(आशीष कुमार, संवाददाता)
रामगढ़ - अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रामगढ़ जिला आयुष समिति रामगढ़ एवं नमामि गंगे योजना के संयुक्त तत्वावधान में श्री गुरु नानक पब्लिक स्कूल, रामगढ़ में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त ऋतुराज ने किया। इस अवसर पर जिले के वरीय प्रशासनिक अधिकारी, विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थी, मीडिया प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में आमलोग उपस्थित रहे।
इस दौरान रामगढ़ उपायुक्त ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत है, जिसे आज पूरी दुनिया अपना रही है। योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने की प्रभावी एवं वैज्ञानिक पद्धति है। वर्तमान समय में तनावपूर्ण जीवनशैली और स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों के बीच योग स्वस्थ जीवन का सबसे सरल और प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है। उन्होंने लोगों से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।








