JHARKHAND: राज्य सरकार ने इस बार मंईयां योजना के तहत लगभग 49 लाख महिलाओं के बैंक खातों में एक साथ तीन माह की 7500 रुपये की राशि हस्तांतरित कर दी है. योजना के तहत 18 से 50 वर्ष तक महिलाओं को प्रतिमाह 2500 रुपये राज्य सरकार द्वारा दी जाती है. सत्यापन के दौरान करीब 50 हजार लाभुक आवेदन में दर्ज पते पर नहीं मिले. जिनमें बड़ी संख्या शादी के बाद दूसरे स्थान पर रहने लगी महिलाओं की है. शहरी क्षेत्रों में किराये का मकान बदलने वाले कई लाभुकों का भी सत्यापन नहीं हो सका.
50 वर्ष से अधिक उम्र होने पर बाहर
मंईयां सम्मान योजना में 50 वर्ष तक की महिलाओं को ही लाभ देने का प्रावधान है. 50 वर्ष की आयु पूरी करते ही लाभुक स्वतः योजना से बाहर हो जाती हैं. ऐसे में योजना के लाभुकों की संख्या प्रभावित हुई है .राज्य भर में लगभग 51 लाख महिलाओं को मार्च तक की राशि मली थी. ऐसे में देखा जाये तो आवेदकों के सत्यापन व 50 वर्ष की उम्र सीमा पूरा होने के कारण लगभग दो लाख लाभुक अब तक बाहर हो चुके हैं.
नये आवेदन का शुरू होगा सत्यापन
मंईयां योजना के तहत नये लाभुकों का नाम जोड़ने के लिए जमा आवेदन का सत्यापन शुरू होगा. सत्यापन के बाद नये लाभुकों का नाम जोड़ने की प्रक्रिया शुरू होगी. जानकारी के अनुसार केंद्र सरकार के निर्देश पर राशन कार्ड सत्यापन का चल रहा है. राज्य में अब तक लगभग 3.19 लाख राशन कार्ड रद्द हुए हैं. इनमें दो लाख से अधिक वैसे कार्डधारी हैं, जिनका आधार कार्ड संदिग्ध (संस्पेक्टेड) है. 63 हजार वैसे कार्डधारियों के नाम हटाये गये, जिनकी वार्षिक आय तय मापदंड से अधिक थी.








