(प्रमोद खंडेलवाल, संवाददाता, हजारीबाग)
हजारीबाग - हजारीबाग के हीराबाग चौक स्थित विद्युत कार्यपालक अभियंता कार्यालय के पास नाले से एक युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान नवीन कुमार वर्मा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, वह 15 जुलाई की रात से लापता थे। 16 जुलाई को कोर्रा थाना में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई थी।
बताया जा रहा है कि असीम कॉलोनी के निवासी नवीन कुमार वर्मा दीपू गड़ा चौक में टीवी रिपेयरिंग की दुकान चलाते थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।








