आशीष प्रसाद (संवाददाता)
PASSPORT: केंद्र सरकार ने पासपोर्ट बनवाने और रिन्यू कराने की फीस में बढ़ोतरी कर दी है। विदेश मंत्रालय की ओर से जारी पासपोर्ट (संशोधन) नियम, 2026 के तहत नई दरें 1 जुलाई 2026 से पूरे देश में लागू हो जाएंगी। नई फीस लागू होने के बाद आम लोगों को पासपोर्ट सेवाओं के लिए पहले से ज्यादा भुगतान करना होगा।
नए नियम के मुताबिक 18 वर्ष से अधिक उम्र के आवेदकों के लिए सामान्य पासपोर्ट शुल्क बढ़ा दिया गया है। अब 36 पेज वाले सामान्य पासपोर्ट के लिए 1,500 रुपये की जगह 2,500 रुपये देने होंगे। वहीं तत्काल सेवा के तहत यही पासपोर्ट बनवाने पर 5,000 रुपये शुल्क लगेगा।
इसके अलावा 60 पेज वाले जंबो पासपोर्ट की फीस भी बढ़ाई गई है। पहले जहां इसके लिए 2,000 रुपये देने पड़ते थे, अब इसकी कीमत 3,500 रुपये हो गई है। तत्काल सेवा में इसके लिए 6,000 रुपये का भुगतान करना होगा।
18 साल से कम उम्र के बच्चों के पासपोर्ट की फीस में भी बदलाव किया गया है। अब 36 पेज के नए पासपोर्ट के लिए 1,750 रुपये देने होंगे, जबकि पहले यह शुल्क 1,000 रुपये था। तत्काल सेवा में बच्चों के पासपोर्ट के लिए 4,250 रुपये शुल्क तय किया गया है। नाबालिगों का पासपोर्ट पांच साल या 18 वर्ष की उम्र तक वैध रहता है। इसमें जो भी अवधि पहले पूरी होती है, उसी के आधार पर वैधता तय की जाती है।
पासपोर्ट खोने पर लगेगा ज्यादा चार्ज
अगर पासपोर्ट गुम हो जाता है या खराब हो जाता है तो डुप्लीकेट पासपोर्ट बनवाना भी महंगा होगा। 36 पेज वाले रिप्लेसमेंट पासपोर्ट के लिए सामान्य सेवा में 5,000 रुपये और तत्काल में 7,500 रुपये देने होंगे।वहीं 60 पेज वाले पासपोर्ट के रिप्लेसमेंट के लिए सामान्य शुल्क 6,000 रुपये और तत्काल शुल्क 8,500 रुपये तय किया गया है। बच्चों के रिप्लेसमेंट पासपोर्ट के लिए सामान्य शुल्क 4,250 रुपये और तत्काल शुल्क 6,750 रुपये होगा।
पासपोर्ट से जुड़े अन्य दस्तावेजों के शुल्क में भी बदलाव किया गया है। अब पुलिस क्लीयरेंस सर्टिफिकेट (PCC), सरेंडर सर्टिफिकेट और ग्लोबल एंट्री प्रोग्राम वेरिफिकेशन जैसे प्रमाणपत्रों के लिए 750 रुपये शुल्क देना होगा। वहीं सर्टिफिकेट ऑफ आइडेंटिटी के लिए 1,000 रुपये देने होंगे।
बुजुर्गों और छोटे बच्चों को मिलेगी छूट
सरकार ने राहत देते हुए 8 साल तक के बच्चों और 60 वर्ष से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों के लिए 10 प्रतिशत छूट जारी रखी है। इन वर्गों के आवेदकों को नई फीस में भी यह लाभ मिलता रहेगा। नई दरें लागू होने के बाद विदेश यात्रा, पढ़ाई और नौकरी के लिए पासपोर्ट बनवाने वालों को अब अपने बजट में बढ़ी हुई फीस को शामिल करना होगा। हालांकि, वयस्कों के लिए जारी पासपोर्ट की वैधता पहले की तरह 10 साल ही रहेगी।








