चतरा - झारखंड-बिहार पुलिस की आंखों में धूल झोंकने वाले 'बॉर्डर-गैंग' का चतरा पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। हंटरगंज में नो-एंट्री और सुनसान रातों का फायदा उठाकर डकैती और महिलाओं को निशाना बनाने वाले चार डकैतों को चतरा पुलिस ने रंगे हाथों दबोच लिया है। पुलिस ने इनके पास से लोडेड पिस्टल और कट्टा बरामद किया है।
यह कार्रवाई चतरा एसपी अनिमेष नैथानी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर एसडीपीओ सन्नी वर्धन और हंटरगंज थाना प्रभारी प्रभात कुमार के नेतृत्व में पुलिस की स्पेशल टीम ने किया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए डुमरिया उत्क्रमित मध्य विद्यालय के कैंपस की घेराबंदी की और हथियारों से लैस चार अपराधियों को धर दबोचा। पकड़े गए अपराधियों में बिहार के गया का कुख्यात गौतम कुमार, विकास मांझी, प्रवीण कुमार और चतरा का चिंटू कुमार शामिल है। पुलिस ने इनके पास से 2 पिस्टल, 1 देशी कट्टा, 4 जिंदा कारतूस, 2 मोटरसाइकिल और मोबाइल बरामद किया है।
इस संबंध में चतरा एसपी ने बताया कि यह गिरोह हंटरगंज बाजार में एक ज्वेलरी की दुकान में डकैती करने की नीयत से एक जगह जुटा था। जिन्हें गुप्त सूचना के आधार पर गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों पर शेरघाटी, इमामगंज और बांकेबाजार थानों में संगीन मामले दर्ज हैं। पुलिस टीम की इस सफलता पर चतरा एसपी ने जवानों को पुरस्कृत करने की घोषणा की है। वहीं गया पुलिस भी इन अपराधियों को रिमांड पर लेने चतरा पहुंच चुकी है।










