(मो० काजीरुल शेख, संवाददाता, पाकुड़)
पाकुड़ - पाकुड़ एसपी निधि द्विवेदी ने बुधवार को अपने कार्यालय कक्ष में प्रेस वार्ता कर महेशपुर लूटकांड का सनसनीखेज खुलासा किया है। एसपी ने बताया कि लूट की इस वारदात का मास्टरमाइंड कोई और नहीं, बल्कि उसी कंपनी का पूर्व कर्मी मनोरंजन कुमार निकला। मनोरंजन 'फ्यूजन माइक्रो फाइनेंस' कंपनी में पहले काम कर चुका था और उसे कंपनी के कैश कलेक्शन के रास्तों और समय की पूरी जानकारी थी।
एसपी ने जानकारी दी कि 16 फरवरी की रात करीब 8:00 बजे महेशपुर सिनेमा हॉल के पास वादी अनूप कुमार भगत के सिर पर पिस्टल से वार कर 3.40 लाख रुपये लूटे गए थे। वारदात के बाद भाग रहे मनोरंजन कुमार और उसका साथी लालू यादव सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए। 17 फरवरी को काठीकुंड थाना प्रभारी की सूचना पर जब एसडीपीओ विजय कुमार की एसआईटी टीम अस्पताल पहुंची, तो अपराधियों के हुलिए और बाइक के मिलान ने सारा राज खोल दिया।
प्रेस वार्ता के दौरान एसपी निधि द्विवेदी ने पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई की सराहना की और कहा कि अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति आगे भी जारी रहेगी।











