झारखंड सरकार में पूर्व मंत्री और गोमिया विधानसभा क्षेत्र का चार बार प्रतिनिधित्व कर चुके माधव लाल सिंह का राजधानी रांची के पल्स अस्पताल में निधन हो गया। पिछले कुछ दिनों से उनकी तबीयत ठीक नहीं चल रही थी। पहले बोकारो फिर बेहतर इलाज में लिए उन्हें रांची के पल्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां इलाज के दौरान बुधवार की सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली।
माधव लाल सिंह के निधन की खबर फैलते ही गोमिया सहित पूरे झारखंड में शोक की लहर फैल गई। मुख्यमंत्री सहित अन्य कई प्रमुख लोगों ने उनके निधन पर संवेदना व्यक्त की है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने एक्स पर कहा कि गोमिया से पूर्व विधायक, एकीकृत बिहार सरकार एवं राज्य गठन के बाद झारखंड सरकार में मंत्री रहे आदरणीय श्री माधव लाल सिंह जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। उन्होंने लंबे समय तक जनसेवा और सामाजिक जीवन में महत्वपूर्ण योगदान दिया। स्व माधव बाबू का निधन सार्वजनिक जीवन के लिए अपूरणीय क्षति है। मरांग बुरु दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान कर शोक संतप्त परिजनों एवं समर्थकों को यह दुःख की घड़ी सहन करने की शक्ति दें।
बताते चलें कि माधव लाल सिंह पहले बिहार और बाद में झारखंड की राजनीति में एक सशक्त और जनप्रिय नेता के रूप में अपनी अलग पहचान बनाई थी। ग्रामीण इलाकों में उनकी पकड़ बेहद मजबूत थी।










