JHARKHAND: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के परिवार से जुड़ी एक दुःखद खबर सामने आई है. उनके पोते वीर सोरेन का हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में निधन हो गया. वे घाटशिला विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी रहे बाबूलाल सोरेन के पुत्र थे. घटना की खबर मिलते ही परिवार और समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई है.
बाबूलाल सोरेन के पुत्र थे वीर
वीर सोरेन, चंपाई सोरेन के बेटे बाबूलाल सोरेन के पुत्र थे. परिवार में इस घटना के बाद शोक का माहौल है. परिजन और करीबी रिश्तेदार हिमाचल प्रदेश के लिए रवाना हो चुके हैं. स्थानीय प्रशासन द्वारा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है. बताया जा रहा है कि वीर सोरेन अपने दोस्तों के साथ मनाली घूमने गए थे. देर रात वे सोए हुए थे, तभी अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई. दोस्तों ने तुरंत परिजनों को सूचना दी, लेकिन तब तक उनका निधन हो चुका था. फिलहाल परिजन गहरे सदमे में हैं और घटना के बारे में अधिक जानकारी देने की स्थिति में नहीं हैं.
मनाली के लिए रवाना हुए चंपाई सोरेन
घटना की सूचना मिलते ही पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन मनाली के लिए रवाना हो गए हैं. बताया जा रहा है कि वे यहां से दिल्ली पहुंचे और वहां से सड़क मार्ग से मनाली जा रहे हैं. सरायकेला विधानसभा क्षेत्र में भी इस दुखद घटना के बाद शोक का माहौल है.
चंपाई सोरेन ने की पुष्टि
पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन ने जानकारी देते हुए कहा है कि अत्यंत दुःख के साथ सूचित करते हैं कि हमारे प्रिय वीर सोरेन का 24 फरवरी 2026 को असामयिक निधन हो गया है. हिमाचल प्रदेश के मनाली में अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था. वीर के जाने से हमारा परिवार बिखर गया है.
हेमंत सोरेन ने जताया दुःख
चंपाई सोरेन के पोते के देहांत पर झारखंड के मुख्यमंत्री और झामुमो के अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने शोक-संवेदना व्यक्त की है. उन्होंने सोशल मीडिया के प्रमुख प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने पोस्ट में लिखा है, ‘आदरणीय श्री चंपई सोरेन जी के पोते वीर सोरेन का कुल्लू में आकस्मिक निधन का अत्यंत मर्माहत करने वाला समाचार मिला. मरांग बुरु दिवगंत आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिजनों को दुःख की घड़ी सहन करने की शक्ति दे. इस दुखद घड़ी में हम उनके साथ हैं.’











