रामगढ़ - प्रसिद्ध सिद्धपीठ रजरप्पा मंदिर में श्रद्धालुओं के साथ पुलिसकर्मियों के द्वारा किए गए मारपीट से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए रामगढ़ एसपी अजय कुमार ने चार जवान श्यामलाल महतो, राधेश्याम कुजूर, बहादुर उरांव, जॉनसन सुरीन और गृह रक्षक सिकंदर यादव को निलंबित कर दिया है।
गौरतलब हो कि जमशेदपुर के आदित्यपुर निवासी सौरभ, सुमन और प्रेम अपने परिजनों के साथ मां छिन्नमस्तिके की पूजा-अर्चना करने रजरप्पा मंदिर गए थे। बताया जा रहा है कि मंदिर में भीड़ अधिक होने के कारण वे लोग निकासी द्वार से अंदर प्रवेश करने का प्रयास करने लगे। जिसके बाद वहां तैनात पुलिसकर्मियों से उनकी कहासुनी होने लगी और देखते ही देखते वहां मौजूद चार-पांच पुलिसकर्मियों ने श्रद्धालुओं के साथ मारपीट शुरू कर दी। बाद में मंदिर के पुजारियों और स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर मामला को शांत कराया। वहीं घटना का वीडियो किसी व्यक्ति ने अपने मोबाइल से रिकॉर्ड कर लिया, जो सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वायरल वीडियो ने पुलिस विभाग में हलचल मची दी और एसपी के आदेश पर मामले की जांच शुरू कर दी गयी है।











