(बिजय सिंह, संवाददाता, बोकारो)
बोकारो - बोकारो के सिटी थाना क्षेत्र स्थित राम मंदिर मार्केट में बीती रात भीषण आग लगने की घटना सामने आई है। इस आग में एक कॉस्मेटिक दुकान पूरी तरह जलकर राख हो गई। घटना देर रात करीब दो से तीन बजे के बीच की बताई जा रही है।
घटना के संबंध में बताया गया कि राम मंदिर मार्केट में स्थित मां शारदा कॉस्मेटिक दुकान में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते दुकान का सारा सामान जलकर राख हो गया। दुकान मालिक नित्यानंद ने बताया कि दुकान बंद करके घर चले गए थे। रात करीब 2 बजे आग लगने की सूचना मिली। आग कैसे लगी, इसकी जानकारी नहीं है। लगभग 6 से 7 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।











