(रमण कुमार, संवाददाता, मधेपुरा)
मधेपुरा - मधेपुरा जिले के मुरलीगंज थाना क्षेत्र से जमीन विवाद का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने एक किसान की वर्षों की मेहनत पर सवाल खड़े कर दिए हैं। किसान का आरोप है कि जिस जमीन पर वह पिछले 26 वर्षों से खेती कर रहा था, उसी जमीन पर कुछ लोगों ने जबरन कब्जा करने की कोशिश की और उसकी केला की खड़ी फसल को जोतकर बर्बाद कर दिया।
मामला मुरलीगंज थाना क्षेत्र के गंगापुर गंगापुर गांव के भलनी वाड 03 का है। यहां के किसान राजेन यादव ने मुरलीगंज थाना में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। आवेदन में उन्होंने आरोप लगाया है कि वर्ष 1998 में उन्होंने करीब दो लाख रुपये देकर यह जमीन गंगापुर पंचायत के खुसरूपट्टी निवासी खोखा यादव के पिता से खरीदी थी। खरीदारी के बाद से लगातार उसी जमीन पर खेती करते आ रहे हैं और हर साल की तरह इस बार भी धान समेत अन्य फसल लगाई गई थी।
राजेन यादव का कहना है कि खुसरूपट्टी निवासी खोखा यादव ने कुछ लोगों को लाकर जमीन पर अवैध कब्जा करने की नीयत से मेरी खड़ी फसल को ट्रैक्टर से जोत दिया। इससे उनकी पूरी मेहनत पर पानी फिर गया और आर्थिक नुकसान भी हुआ। किसान का आरोप है कि जब उन्होंने इसका विरोध किया तो खोखा यादव और उनके कुछ लोगों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित किसान का कहना है कि जमीन की खरीद से जुड़े दस्तावेज भी उनके पास मौजूद हैं। इसके बावजूद कुछ लोग दबंगई के बल पर जमीन पर कब्जा करना चाहते हैं।
राजेन यादव ने अपने आवेदन में पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और उनकी जान-माल व संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। वहीं, इस मामले में मुरलीगंज थाना अध्यक्ष नूरूल हक ने बताया कि आवेदन मिला है आवेदन के आधार पर जांच किया जा रहा है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।








