(निशिकांत मिस्त्री, संवाददाता, जामताड़ा)
जामताड़ा - जामताड़ा पुलिस ने वर्दी की आड़ में लोगों को डराने-धमकाने और अवैध वसूली करने वाले एक शातिर फर्जी पुलिसकर्मी को गिरफ्तार किया है। आरोपी खुद को जैप-05 देवघर का जवान बताकर इलाके में रौब झाड़ रहा था। पुलिस ने उसके पास से एक देशी कट्टा, जिंदा कारतूस, चाकू और वॉकी-टॉकी समेत कई सामान बरामद किया है।
बताया गया कि यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के आदेश पर मिहिजाम थाना प्रभारी प्रदीप राणा के नेतृत्व में की गई। इस संबंध में मिहिजाम थाना में कांड संख्या 50/2026 दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया गया है। मामले को लेकर एसडीपीओ वसीम रजा ने प्रेस कांफ्रेंस कर बताया कि जामताड़ा एसपी शम्भु कुमार सिंह को मिली सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि मिहिजाम थाना क्षेत्र के कामगोई में एक व्यक्ति पुलिस की वर्दी पहनकर लोगों को डरा धमका कर अवैध वसूली और लड़कियों को झांसा देने का काम करता था। जिसे गिरफ्तार किया गया है, गिरफ्तार अभियुक्त अनूप कुमार के पास से फर्जी पुलिस जैप का आईकार्ड भी बरामद हुआ है।








