(चंदन सिंह, संवाददाता, बोकारो)
बोकारो - बोकारो हवाई अड्डे से उड़ान सेवा शुरू करने को लेकर फिर से कवायत शुरू हुई है। रांची एयरपोर्ट के डायरेक्टर एस पी सिन्हा आज बोकारो हवाई अड्डे का भौतिक निरीक्षण करने के लिए पहुंचे। इस दौरान बोकारो उपायुक्त अजय नाथ झा सेल के अधिकारी के साथ-साथ अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
डायरेक्टर के साथ उपायुक्त ने एयरपोर्ट में बने बिल्डिंग के साथ-साथ रनवे का भी निरीक्षण किया, इस दौरान संबंधित अधिकारियों को कई दिशा निर्देश भी दिया गया है। गौरतलब हो कि कल ही राज्यसभा में झारखंड के राज्यसभा सदस्य परिमल नाथवानी ने झारखंड के हवाई अड्डों को लेकर सवाल पूछा था और आज यह निरीक्षण उड़ान सेवा शुरू करने को लेकर महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उपायुक्त अजय नाथ झा ने बताया कि राज्य सरकार के स्तर से जो काम होना था, वह लगभग पूरा हो चुका है। जो काम बाकी है उसे भी पूरा करने का काम सेल और बोकारो जिला प्रशासन कर रही है। उम्मीद है कि सभी प्रक्रिया जल्द पूरी हो जाएगी।








