(पंकज भारती, संवाददाता, गिरिडीह)
गिरिडीह - गिरिडीह जिले के मधुबन थाना क्षेत्र के दलानचकरी गांव के तिरिलटांड़ टोला में हुए चर्चित दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल तलवार, दो छुरे, खून से सने कपड़े और गमछा भी बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार 2 जून की रात पतिया हांसदा और उनकी पत्नी परनी देवी की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर एसडीपीओ आबिद खान के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। जांच में सामने आया कि जादू-टोना के संदेह और पुराने भूमि विवाद को लेकर मृतक के गोतिया पक्ष के लोगों ने हत्या की साजिश रची थी। पुलिस ने रमेश हांसदा, पांडु हांसदा, विजय हांसदा समेत कुल सात लोगों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ और निशानदेही के आधार पर हत्या में प्रयुक्त हथियार व अन्य साक्ष्य भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। एसपी डॉ. बिमल कुमार ने कहा कि जिले में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।








