(चंदन सिंह, संवाददाता, बोकारो)
बोकारो - बोकारो के सेक्टर-1बी स्थित पानी टंकी के पास शुक्रवार देर रात दो पड़ोसियों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें कई लोग घायल हो गए। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। सूचना मिलने पर सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
इस मामले में सेक्टर-1बी क्वार्टर संख्या 1197 निवासी राजेश कुमार ठाकुर का आरोप है कि उनके हाईवा, ट्रैक्टर और पानी के टैंकर से पिछले एक वर्ष में कई बार बैटरी, सेल्फ और टायर चोरी हो चुके हैं। चोरी की घटनाओं के बाद उन्होंने अपने घर पर सीसीटीवी कैमरे लगवाए। उनका दावा है कि एक दिन पहले की फुटेज में एक युवक ट्रैक्टर से बैटरी निकालने का प्रयास करता दिखाई दे रहा है। इसी मामले में पूछताछ और सत्यापन के लिए जब वे पड़ोसी के घर पहुंचे तो उनके साथ मारपीट की गई।
वहीं दूसरी ओर, नरेश चौधरी के परिवार का आरोप है कि राजेश ठाकुर और उनके परिजन जबरन उनके घर में घुस आए और हमला कर दिया। इस घटना में नरेश चौधरी की पत्नी के सिर में गंभीर चोट लगी। परिवार का यह भी आरोप है कि मारपीट के दौरान सोने की चेन और कुछ गहने भी गायब हो गए।
फिलहाल सिटी थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।







