(बिजय सिंह, संवाददाता, बोकारो)
बोकारो - बोकारो में वेदांता इलेक्ट्रोस्टील प्लांट के खिलाफ कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। जिला कांग्रेस कमिटी की बैठक में शोषण और प्रदूषण के मुद्दे पर बड़ा आंदोलन करने की रणनीति बनाई गई।
इसे लेकर चास के विद्यापति नगर स्थित श्री विश्वनाथ-संकटमोचन मंदिर परिसर में जिला कांग्रेस कमिटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष जवाहर लाल महथा ने की। बैठक में वेदांता इलेक्ट्रोस्टील प्लांट पर रैयतों, मजदूरों और स्थानीय लोगों के शोषण तथा प्रदूषण फैलाने के आरोपों को लेकर गहन चर्चा हुई। साथ ही जल्द ही धरना-प्रदर्शन करने की रूपरेखा तैयार की गई।
जिला अध्यक्ष ने कहा कि कंपनी द्वारा विस्थापितों और मजदूरों के साथ हो रहे अन्याय को कांग्रेस पार्टी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं करेगी और उनके अधिकारों के लिए हमारा संघर्ष जारी रहेगा। आयोजित बैठक में कई वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में विस्तारित जिला कमिटी की भी घोषणा की गई।











