(बिजय सिंह, संवाददाता, बोकारो)
बोकारो - बोकारो की बेटी छोटी कुमारी ने इंटरमीडिएट आर्ट्स परीक्षा में राज्यभर में प्रथम स्थान हासिल कर पूरे जिले का नाम रोशन किया है। प्लस टू हाई स्कूल हरनाद की छात्रा छोटी कुमारी की इस ऐतिहासिक सफलता पर बोकारो में खुशी और उत्साह का माहौल है। उपायुक्त अजय नाथ झा ने व्हाट्सएप वीडियो कॉल के माध्यम से छोटी कुमारी को बधाई देते हुए कहा कि बेटियां बोझ नहीं, बल्कि वरदान हैं। उन्होंने छोटी को जिले की “प्राउड बेटी” बताते हुए कहा कि उसकी सफलता अन्य बेटियों के लिए प्रेरणा है। उपायुक्त ने आगे कहा कि मेहनत और अनुशासन ही सफलता की असली कुंजी है, इसका कोई शॉर्टकट नहीं होता।
वहीं छोटी कुमारी ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और नियमित पढ़ाई को दिया। उसने कहा कि वह आगे उच्च शिक्षा प्राप्त कर समाज के विकास में योगदान देना चाहती है। छोटी ने तैयारी कर रहे छात्रों के लिए कहा कि आप जिस लक्ष्य के लिए आगे बढ़ रहे हैं, उसपर फोकस कर पढ़ाई करनी चाहिए। आप अपने लक्ष्य को अपनी मेहनत से हासिल कर सकते हैं।









