(बिजय सिंह, संवाददाता, बोकारो)
बोकारो - चास नगर निगम के वार्ड नंबर 30 में बेहद करीबी मुकाबले के बाद अब परिणाम को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। सात वोटों से हारने वाले प्रत्याशी अजीत गोप ने पुनर्मतगणना की मांग करते हुए निर्वाचन पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी को आवेदन सौंपा है।
चास नगर निगम के वार्ड संख्या 30 में हुए चुनाव में कल्याणी सिंह को 1446 मत जबकि अजीत गोप को 1439 मत प्राप्त हुए। मात्र सात वोट के अंतर से पराजित होने के बाद प्रत्याशी अजीत गोप ने मतगणना प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए पुनर्मतगणना की मांग की है। अजीत गोप ने मतगणना के दौरान कुछ मतपत्रों की गणना में पारदर्शिता की कमी तथा कुछ मतों की वैधता और अवैधता निर्धारण में संदेह जताया था। उन्होंने आगे कहा कि इतने कम अंतर को देखते हुए निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए पुनः मतगणना आवश्यक है।











