रांची - रांची उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री की अगुवाई में रांची जिले में जनगणना-2027 की तैयारियां तेज हो गई है। गुरुवार को उपायुक्त कार्यालय कक्ष में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रगणकों (Enumerators) और प्रवेक्षकों (Supervisors) के बीच आधिकारिक किट का वितरण किया गया। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों को जनगणना कार्य को समयबद्ध, पारदर्शी और सटीक तरीके से पूरा करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
16 मई से शुरू होगा हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन:-
उपायुक्त ने बताया कि हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन (HLO) एवं मकानों की सूचीकरण प्रक्रिया 16 मई 2026 से 14 जून 2026 तक संचालित होगी। इस दौरान जिले के हर घर, परिवार और भवन का सर्वे कर डिजिटल माध्यम से डेटा संग्रह किया जाएगा।
इस चरण में मुख्य रूप से—
सभी मकानों का चिन्हांकन और सूचीकरण।
परिवारों की प्रारंभिक सूची तैयार करना।
टैबलेट और मोबाइल ऐप के जरिए डिजिटल डेटा संग्रह।
शहरी स्लम, ग्रामीण इलाकों और प्रवासी आबादी वाले क्षेत्रों पर विशेष फोकस।
किट में क्या-क्या मिला-
प्रत्येक प्रगणक और प्रवेक्षक को मानक किट उपलब्ध कराई गई, जिसमें—
प्रशिक्षण सामग्री, पहचान पत्र (आईडी कार्ड), डिजिटल उपकरण, जरूरी फॉर्मेट, पेन और बैग हैं।
उपायुक्त ने सभी कर्मियों को गोपनीयता बनाए रखते हुए सही और प्रमाणिक जानकारी संग्रह करने के निर्देश दिए हैं। कार्यक्रम में कुमार रजत, शेषनाथ बैठा, विजय कुमार समेत कई अधिकारी, प्रवेक्षक और प्रगणक मौजूद रहे।










