(बिजय सिंह, संवाददाता, बोकारो)
बोकारो - बोकारो सिविल सर्जन कार्यालय परिसर में दवाइयां और पुराने प्रचार सामग्री को जलाने का मामला सामने आया है। बताया गया कि परिसर में आयरन की गोलियों के साथ कई प्रचार प्रसार के सामग्री को भी जलाने का काम किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सिविल सर्जन डॉक्टर अभय भूषण प्रसाद ने जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने की बात कही है।
जानकारी के अनुसार सिविल सर्जन कार्यालय से सटे दो कमरों में वर्ष 2011 से आयरन की गोलियां और कागजात भरे पड़े थे। सिविल सर्जन ने इसे साफ सफाई करने का निर्देश दिया था। सफाई के बाद इस कमरे को बेहतर ढंग से बनाकर इसको इस्तेमाल करना था। साफ सफाई के दौरान कमरे से दवाइयां और कागजात निकले। जिसमें आग लगा दिया गया। हालांकि मौके से सभी जली हुई दवाइयां और कागजात को तुरंत हटा दिया गया। लेकिन सिविल सर्जन का कहना है कि इस मामले में जो भी दोषी हैं उन पर कार्रवाई की जाएगी।











