(बिजय सिंह, संवाददाता, बोकारो)
बोकारो - झारखंड में सरकारी खजाने से वेतन मद में करोड़ों रुपए की अवैध निकासी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बोकारो ट्रेजरी से एक पुलिस सब इंस्पेक्टर उपेंद्र सिंह के वेतन में 20 माह में 3.15 करोड़ रु. निकाल लिए गए। प्रधान महालेखाकार चंद्रमौली सिंह द्वारा वित्त सचिव प्रशांत कुमार को भेजी गई गोपनीय रिपोर्ट में इसका खुलासा हुआ है। ट्रेजरी के निरीक्षण के बाद पीएजी ने सरकार को यह रिपोर्ट भेजी है। आमतौर पर एक पुलिस सब इंस्पेक्टर को करीब एक लाख रुपए वेतन मिलता है। लेकिन उपेंद्र सिंह के वेतन मद में मई 2024 से दिसंबर 2025 तक जो निकासी हुई, उसके अनुसार वेतन 15 लाख रुपए प्रति महीने से ज्यादा हो जाता है। खास बात यह है कि 3.15 करोड़ की निकासी पर जीपीएफ मद में सिर्फ 61,668 रुपए की कटौती की गई। वहीं आयकर और टीडीएस मद में कोई कटौती नहीं की गई है।
बोकारो एसपी हरविंदर सिंह ने बताया कि रिकॉर्ड के अवलोकन से कहीं भी गड़बड़ी सामने नहीं आई है। फरवरी महीने में ऑडिट भी कराई गई थी। ऑडिट में किसी तरह की कोई गड़बड़ी नहीं पाई नहीं गई है। गड़बड़ी किस स्तर से हुई है जो मीडिया में आई है यह जांच का विषय है। साथ ही कहा कि इस नाम का व्यक्ति 2016 में ही बोकारो से रिटायर हो चुका है।











