दुमका – दुमका जिला स्थित दुमका पाकुड़ मुख्य मार्ग पर काठीकुंड थाना क्षेत्र के नकटी के समीप एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। दुमका की ओर से आ रही तेज रफ्तार मिथिलांचल बस ने सड़क किनारे कृष वाटर सर्विसिंग के पास खड़ी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बस अनियंत्रित होकर सर्विसिंग परिसर में जा घुसी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। वहीं हादसे के तुरंत बाद बस चालक और खलासी कंडक्टर मौके से फरार हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों एवं बस में सवार यात्रियों ने बताया कि बस काफी तेज रफ्तार में चल रही थी। ओवरटेक करने के दौरान चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिसके कारण यह दुर्घटना हुआ। हादसे में कार को काफी नुकसान पहुंचा है। घटना की सूचना मिलने के बाद काठीकुंड थाना प्रभारी बलराम कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है।










