(बिजय सिंह, संवाददाता, बोकारो)
बोकारो - बोकारो के शहरी थाना क्षेत्र में लगातार मोबाइल खोने और चोरी होने की शिकायतें मिल रही थीं। मामलों की गंभीरता को देखते हुए एसपी नाथू सिंह मीना ने सभी थाना प्रभारियों को CEIR पोर्टल का उपयोग कर खोए मोबाइलों की जल्द बरामदगी का निर्देश दिया। निर्देश के बाद बीएस सिटी थाना, हरला थाना, सेक्टर-4 थाना, सेक्टर-12 थाना और सेक्टर-6 थाना की पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए कुल 47 मोबाइल फोन बरामद किए। बरामद मोबाइलों को सत्यापन के बाद संबंधित धारकों को बीएस सिटी थाना में सौंप दिया गया।
इसकी संबंध में डीएसपी सिटी आलोक रंजन ने बताया कि शहर के विभिन्न थाना क्षेत्र से खोया हुआ 47 मोबाइल बरामद किया गया है। जिसकी कीमत लगभग 12 लाख रुपए हैं। आगे उन्होंने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि मोबाइल गुम होने या चोरी होने पर तुरंत नजदीकी थाना में सूचना दें और सरकार के CEIR पोर्टल पर आवश्यक विवरण भरें। वहीं खोया मोबाइल मिलने के बाद लोगों के चेहरे में खुशी देखी गई। इस कार्य के लिए लोगों ने पुलिस के कार्यशैली की सराहना की।









