(बिजय सिंह, संवाददाता, बोकारो)
बोकारो - बोकारो में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब जिला व्यवहार न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने की खबर सामने आई। बताया जा रहा है कि रजिस्ट्रार के पास सुबह करीब 9 बजे एक ई-मेल आया, जिसमें बोकारो कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। मेल में सौरव विश्वास नाम का जिक्र होने की बात भी सामने आ रही है।
इसकी सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया। मौके पर बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की टीम पहुंचकर पूरे परिसर की सघन जांच कर रही है। सुरक्षा के मद्देनज़र न्यायालय परिसर में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
बताया जा रहा है कि मेल में करीब 14 बम लगाए जाने की बात कही गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए बोकारो के पुलिस अधीक्षक खुद मौके पर पहुंचकर स्थिति की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। उनके साथ सिटी डीएसपी, हेडक्वार्टर डीएसपी, सिटी थाना प्रभारी और भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद है।











