(बिजय सिंह, संवाददाता, बोकारो)
बोकारो - बोकारो हवाई अड्डे से उड़ान सेवा शुरू करने को लेकर चल रही सियासत के बीच जिला प्रशासन ने प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में बोकारो उपायुक्त अजय नाथ झा ने एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड और बोकारो स्टील लिमिटेड के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में बोकारो एसपी नाथू सिंह मीणा भी मौजूद रहे।
बैठक के बाद AAI, BSL और जिला प्रशासन के अधिकारियों की टीम ने बोकारो हवाई अड्डे का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बोकारो स्टील और डीजीसीए के बीच लंबित कुछ तकनीकी और समन्वय संबंधी कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई।
उपायुक्त अजय नाथ झा ने बताया कि राज्य सरकार के स्तर से लगभग सभी कार्य पूर्ण कर लिए गए हैं। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड और सेल के बीच जो भी कार्य शेष हैं, उनमें समन्वय स्थापित करना जिला प्रशासन की जिम्मेदारी है और यह काम तेज़ी से किया जा रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जून में होने वाले डीजीसीए निरीक्षण के बाद बोकारो हवाई अड्डे को लाइसेंस मिलने का रास्ता साफ हो जाएगा।









