(चंदन वर्मा, संवाददाता, रांची)
रांची - रांची में भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने हेमंत सरकार और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले छह वर्षों में झारखंड में लगातार प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक हुए और नियुक्तियों में अनियमितताएं हुईं, जिससे लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। भाजपा ने सभी भर्ती घोटालों और जेपीएससी से जुड़े मामलों की सीबीआई जांच की मांग की है।
आदित्य साहू ने आगे कहा कि नीट परीक्षा में गड़बड़ी करने वालों पर केंद्र सरकार सख्त कार्रवाई कर रही है, जबकि झारखंड सरकार सीआईडी जांच के जरिए मामले को दबाने का प्रयास कर रही है। भाजपा कार्यालय के घेराव के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर हिंसा और पत्थरबाजी का आरोप लगाते हुए उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग की।








