पलामू - पलामू जिला मुख्यालय डालटनगंज में पानी और बिजली की समस्या को लेकर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने आक्रोश रैली निकाली। जो रेडमा स्थित बिजली कार्यालय से शुरू होकर कचहरी मुख्यालय तक निकाली गई। रैली के दौरान कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और स्थानीय स्तर पर पानी और बिजली की बदहाल स्थिति को लेकर अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में बीजेपी कार्यकर्ता शामिल हुए। जिसका नेतृत्व पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने किया। जिसमें प्रमुख रूप से प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह, विधायक आलोक चौरसिया, पूर्व सांसद मनोज भुईया, जिला अध्यक्ष अमित कुमार तिवारी, लवली गुप्ता और अमर कुमार बाउरी मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार बिजली कटौती और पेयजल की गंभीर समस्या बनी हुई है, जिससे आम जनता को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नेताओं ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार जनता की बुनियादी समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। वहीं पूरे प्रदर्शन के दौरान पुलिस प्रशासन भी मुस्तैद नजर आयी।









