ANANT SINGH ACCIDENT: मोकामा के विधायक अनंत सिंह का काफिला अचानक ट्रक से टकरा गया. गुरुवार की देर रात यह हादसा हुआ. ब्रेक लगाते ही आपस में 4 गाड़ियां टकरा गईं. लेकिन गनीमत यह रही कि कोई भी इस हादसे में हताहत नहीं हुआ. विधायक अनंत सिंह भी पूरी तरह से सुरक्षित हैं.
शादी समारोह से लौट रहे थे विधायक अनंत सिंह
हादसे को लेकर बताया जा रहा है कि अनंत सिंह मोकामा विधानसभा के बादपुर गांव में एक शादी समारोह से शामिल होने पहुंचे थे. हमेशा की तरह अनंत सिंह अपने काफी बड़े काफिले के साथ समारोह में गए थे. इसके बाद देर रात वह पटना वापस लौट रहे थे. काफिले में सबसे आगे विधायक अनंत सिंह की ही गाड़ी थी.
तेज रफ्तार गाड़ी ट्रक से टकराई
काफिले की गाड़ियां तेज रफ्तार में आगे बढ़ रहीं थीं. अनंत सिंह की गाड़ी पहले निकल चुकी थी. लेकिन उनके बाद वाली गाड़ी अचानक सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई. फिर क्या था, पीछे की बाकी के गाड़ियों को भी अचानक ब्रेक लगाना पड़ा, जिससे चार गाड़ियां आपस में टकरा गईं. यह घटना अथमलगोला थाना के सबनिमा पेट्रोल पंप के पास की है.
अथमलगोला थाना अध्यक्ष ने घटना के बारे में दी जानकारी
हादसे के बाद अनंत सिंह वहां पर रुके. उनके साथ गए लोगों से उनका हाल-चाल पूछा. लेकिन किसी के भी हताहत नहीं होने पर वे चले गए. घटना के बारे में अथमलगोला थाना अध्यक्ष राहुल कुमार नवनीत ने बताया कि अनंत सिंह के काफिले की गाड़ियां आपस में टकरा गईं. चार गाड़ियां क्षतिग्रस्त हुई हैं. लेकिन जान माल की क्षति नहीं हुई है. अनंत सिंह की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त नहीं हुई है. क्षतिग्रस्त गाड़ियों को फोरलेन के किनारे कर दिया गया है. आवागमन बाधित नहीं हुई है.








