(प्रमोद खंडेलवाल, संवाददाता, हजारीबाग)
हजारीबाग - शिक्षक दिवस के अवसर पर श्री रामकृष्ण शारदा आश्रम विवेकानंद सेंट्रल स्कूल में उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला। विद्यालय परिसर में शिक्षक दिवस समारोह का आयोजन धूमधाम से किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत स्वागत गान से हुई, जिसने पूरे वातावरण को खुशनुमा और भावपूर्ण बना दिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करते हुए विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों की प्रस्तुतियों में शिक्षकों के प्रति प्रेम, सम्मान और उनके मार्गदर्शन के महत्व की झलक देखने को मिली। विद्यालय परिसर में शिक्षक दिवस को लेकर खास सजावट भी की गई थी। वहीं शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें जीवन में शिक्षा के साथ-साथ अच्छे संस्कार, अनुशासन और मेहनत को अपनाने का संदेश दिया।








