रांची - पूर्व आईपीएस अधिकारी और झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष स्व. अमिताभ चौधरी के बेटे अभिषेक चौधरी ने जमीन के नाम पर लगभग दो करोड़ रुपये की कथित ठगी का आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने हिंदपीढ़ी थाना क्षेत्र के पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। एफआईआर में शाहनवाज शेख, उनके भाई आफताब शेख, सफदर शेख, बहन तबस्सुम इसरार और शबनम शेख को आरोपी बनाया गया है।
अभिषेक चौधरी के अनुसार वर्ष 2021 में हिंदपीढ़ी के शेख मेंशन निवासी शाहनवाज शेख और उनके भाई-बहनों ने अमिताभ चौधरी के सामने खलारी और चान्हो अंचल के केदल एवं रामदगा गांव में स्थित 736 डिसमिल जमीन बेचने का प्रस्ताव रखा था। जमीन की कीमत 20 हजार रुपये प्रति डिसमिल बताई गई थी। अमिताभ चौधरी ने जमीन खरीदने के लिए कई किस्तों में करीब दो करोड़ रुपये आरोपियों को दिए थे। यह रकम दरभंगा और मधुबनी स्थित उनकी पैतृक करीब 150 कट्ठा जमीन बेचकर जुटाई गई थी। शाहनवाज शेख ने 9 सितंबर 2021 को अमिताभ चौधरी के ई-मेल पर जमीन का एकरारनामा भी भेजा था। हालांकि, जमीन की रजिस्ट्री होने से पहले ही 16 अगस्त 2022 को अमिताभ चौधरी का निधन हो गया। अभिषेक के अनुसार, इसके बाद आरोपियों ने जमीन की कीमत बढ़ा दी। वहीं अपना रूपए मांगने पर टालमटोल कर रहे हैं। अब इस मामले में हिंदपीढ़ी थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।








