(चंदन वर्मा, संवाददाता)
पलामू - पलामू के चर्चित विनीत तिवारी हत्याकांड ने अब राजनीतिक विस्फोट का रूप ले लिया है। 25 अप्रैल को घर के सामने से हुए फिल्मी अंदाज में अपहरण, बेरहमी से हत्या और शव को जंगल में फेंक देने जैसी दिल दहला देने वाली वारदात के 11 दिन बाद भी अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं होना झारखंड की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
इस मामले में भाजपा झारखंड के पूर्व नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और पुलिस प्रशासन पर हमला बोला है। अमर बाउरी ने कहा कि अगर जल्द से जल्द विनीत तिवारी के हत्यारे गिरफ्तार नहीं हुए, तो भाजपा पलामू से रांची तक जनआंदोलन खड़ा करेगी। वहीं उन्होंने मृतक विनीत तिवारी के परिजनों से भी मुलाकात कर उन्हें आश्वासन दिया।









