(मो० काजीरूल शेख, संवाददाता, पाकुड़)
पाकुड़ - पाकुड़ में आयोजित उद्यान व मधु महोत्सव में किसानों को नई तकनीक की जानकारी मिली है। गौरतलब हो कि पाकुड़ के बाजार समिति परिसर में शनिवार को उद्यान महोत्सव सह मधु महोत्सव एवं उद्यानिकी मेला का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त मनीष कुमार, जिला कृषि पदाधिकारी मृत्युंजय कुमार और जिला उद्यान पदाधिकारी प्रसनजीत महतो ने दीप प्रज्वलित कर किया।
मेले में जिले भर से बड़ी संख्या में किसान, स्वयं सहायता समूह और कृषि से जुड़े लोग शामिल हुए। मेले में विभिन्न विभागों और स्वयं सहायता समूहों द्वारा स्टॉल लगाकर फल, सब्जी, मधु उत्पादन, मशरूम, पौधरोपण, जैविक खेती और उद्यानिकी से जुड़ी आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी गई। किसानों ने स्टॉलों का अवलोकन कर विशेषज्ञों से खेती के नए तरीकों की जानकारी प्राप्त की। इस मौके पर उपायुक्त मनीष कुमार ने किसानों को समेकित खेती अपनाने की सलाह देते हुए कहा कि कम जमीन होने के बावजूद सही योजना और विविध कृषि गतिविधियों को अपनाकर बेहतर आय अर्जित की जा सकती है। साथ ही कहा कि बकरी पालन, मुर्गी पालन, फल और सब्जी उत्पादन को एक साथ अपनाकर किसान अपनी आमदनी बढ़ा सकते हैं।
वहीं जिला उद्यान पदाधिकारी प्रसनजीत महतो ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि खेती को लाभकारी बनाने के लिए आधुनिक तकनीक, जल संरक्षण और संसाधनों के संतुलित उपयोग पर विशेष ध्यान देना जरूरी है।











