(बिजय सिंह, संवाददाता, बोकारो)
बोकारो - बोकारो स्टील प्लांट में हुए एक दर्दनाक हादसे में एक संविदा कर्मी की मौत हो गई। घटना आईएमएफ विभाग की बताई जा रही है, जहां काम के दौरान यह दुर्घटना हुई।
जानकारी के अनुसार, आज बोकारो स्टील प्लांट के आईएमएफ विभाग में ‘ए’ शिफ्ट के दौरान सुबह करीब 9 बजकर 50 मिनट पर यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि मेसर्स नीरज इंटरप्राइसेस के संविदा कर्मी गणेश महतो, उम्र करीब 37 वर्ष, क्रेन संख्या 3 पर चढ़ने के दौरान अचानक नीचे गिर गए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद उन्हें प्लांट के मेडिकल सेंटर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बोकारो जनरल अस्पताल रेफर किया गया। लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस दुखद घटना के बाद बीएसएल प्रबंधन ने शोक जताते हुए मृतक के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। फिलहाल घटना के कारणों की जांच की जा रही है।











