साहेबगंज - साहिबगंज में सड़क सुरक्षा नियमों के सख्त अनुपालन को लेकर जिला प्रशासन एक्शन मोड में नजर आया। उपायुक्त दीपक कुमार दुबे के निर्देशानुसार जिला परिवहन विभाग और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने शहर के विभिन्न प्रमुख चौक-चौराहों पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया। इस अभियान का नेतृत्व जिला परिवहन पदाधिकारी, एमवीआई तथा पुलिस उपाधीक्षक द्वारा किया गया।
जांच के दौरान दोपहिया और तीनपहिया वाहनों को रोककर कागजातों की गहन जांच की गई। टीम ने विशेष रूप से हेलमेट, ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन फिटनेस, बीमा और प्रदूषण प्रमाण पत्र की जांच की। वहीं ई-रिक्शा चालकों के लिए निर्धारित ड्रेस कोड और नियमों के पालन पर भी सख्ती बरती गई। जिन वाहन चालकों के पास आवश्यक कागजात नहीं पाए गए या जो नियमों का उल्लंघन करते मिले, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए कई वाहनों को मौके पर ही जब्त कर लिया गया। इसके अलावा दर्जनों वाहन चालकों से जुर्माना भी वसूला गया।
वहीं अचानक चले इस अभियान से वाहन चालकों में हड़कंप की स्थिति देखने को मिली। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा को लेकर इस तरह की जांच आगे भी लगातार जारी रहेगी।










