पलामू: जिले के नावा बाजार थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। तुकबेरा गांव के डरौना टोला में गुरुवार को जमीन के अंदर गाड़े गए गड्ढे से एक महिला का शव बरामद होने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
मृतका की पहचान प्रियंका कुमारी (26) के रूप में हुई है, जो रणजीत मेहता की पत्नी थी। मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि रणजीत मेहता ने अपनी प्रेमिका से शादी करने की नीयत से पत्नी प्रियंका की हत्या कर शव को जमीन में दफना दिया।
परिजनों के अनुसार, प्रियंका पांडू थाना क्षेत्र के दरुआ तिसीबार गांव निवासी द्वारिका मेहता की पुत्री थी। उसकी शादी वर्ष 2019 में विश्रामपुर थाना क्षेत्र के भूखला गांव निवासी रणजीत मेहता से हुई थी।
मृतका के परिवार का कहना है कि शादी से पहले ही रणजीत का तुकबेरा गांव की एक महिला से प्रेम संबंध था। इसी बात को लेकर वह अक्सर प्रियंका के साथ मारपीट करता था। दो दिन पहले परिजनों को सूचना मिली कि प्रियंका की हत्या कर उसका शव गड्ढे में गाड़ दिया गया है।
इस संबंध में नावा बाजार थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि प्रियंका के परिजनों द्वारा पहले विश्रामपुर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। जांच और खोजबीन के दौरान गुरुवार को जमीन में गाड़े गए गड्ढे से शव बरामद किया गया। शव निकालने के लिए जेसीबी मशीन से खुदाई कराई गई।
वहीं, जमीन के मालिक ने पुलिस को बताया कि यह गड्ढा पानी निकासी के उद्देश्य से खुदवाया गया था। फिलहाल इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है और पुलिस सभी पहलुओं से जांच में जुटी हुई है।









