(चंदन सिंह, संवाददाता, बोकारो)
बोकारो - चास के लोगों के लिए राहत की खबर है। शहर में आए दिन लगने वाले जाम से अब लोगों को जल्द मुक्ति मिलने की उम्मीद है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने चास के लोगों को बड़ी सौगात दी है। जोधाडीह मोड़ से आईटीआई मोड़ तक फ्लाईओवर निर्माण के प्रस्ताव को मंजूरी मिलने की जानकारी सामने आई है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने पत्र के माध्यम से धनबाद सांसद को इसकी जानकारी दी है। सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन के तहत प्रस्ताव तैयार कर विभाग को भेजा गया था, जिसके बाद इसे मंजूरी मिलने की बात बोकारो डीसी अजय नाथ झा ने कही है।
धनबाद-पुरुलिया मुख्य मार्ग पर स्थित जोधडीह मोड़ से आईटीआई मोड़ तक का इलाका लंबे समय से जाम की समस्या से जूझ रहा है। खासकर जोधडीह मोड़ पर चौराहा होने के कारण वाहनों का दबाव बढ़ जाता है और कई बार घंटों तक लोगों को जाम में फंसे रहना पड़ता है। इसी समस्या को देखते हुए सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में फ्लाईओवर निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया गया था। अब फ्लाईओवर निर्माण के प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद स्थानीय लोगों में जाम से राहत की उम्मीद जगी है। हालांकि, चास नगर निगम के वार्ड पार्षद राहुल कुमार ने फ्लाईओवर निर्माण को लेकर कुछ सवाल भी उठाए हैं।
वहीं, आजसू नेता अशोक महतो ने फ्लाईओवर निर्माण के प्रस्ताव का स्वागत किया है। उनका कहना है कि लंबे समय से चली आ रही जाम की समस्या के समाधान के लिए यह जरूरी कदम है।
बोकारो उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि सड़क सुरक्षा समिति की ओर से जिस प्रस्ताव को विभाग के पास भेजा गया था, उसी प्रस्ताव को मंजूरी मिली है। उन्होंने उम्मीद जताई कि फ्लाईओवर बनने के बाद चास के लोगों को जाम की समस्या से राहत मिलेगी। साथ ही समिति की ओर से की गई अन्य अनुशंसाओं को भी धरातल पर उतारने की बात कही।








