(चंदन सिंह, संवाददाता, बोकारो)
बोकारो - बोकारो पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। प्रतिबिंब ऐप से मिली सूचना के आधार पर पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) के नेतृत्व में गठित टीम ने साइबर थाना, तकनीकी शाखा और स्थानीय पुलिस के सहयोग से सेक्टर-12 एवं पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र के बारी को-ऑपरेटिव स्थित ऋषि नगर में छापेमारी कर गिरोह के 9 सदस्यों को गिरफ्तार किया।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने साइबर अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि गिरोह के सदस्य कभी ट्रैवल एजेंट, तो कभी बैंक अधिकारी बनकर लोगों को झांसे में लेते थे और उनसे ठगी करते थे। छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 10 मोबाइल फोन, 10 डेबिट कार्ड, 18 बैंक पासबुक, 3 चेकबुक, 9 सिम कार्ड तथा ₹43,100 नकद बरामद किए हैं। जांच में कुछ बैंक खातों में लाखों रुपये के लेन-देन का भी पता चला है, जिन्हें होल्ड कर विस्तृत अनुसंधान किया जा रहा है।
पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और अन्य राज्यों में इनके नेटवर्क की भी जांच कर रही है। साथ ही बोकारो पुलिस ने आम लोगों और मकान मालिकों से अपील की है कि किरायेदार रखने से पहले उनका पुलिस सत्यापन अवश्य कराएं।








