रांची - झारखंड के प्रशासनिक तंत्र में बड़ा बदलाव देखने को मिला। दरअसल झारखंड प्रशासनिक सेवा के 15 वरिष्ठ अधिकारियों को भारतीय प्रशासनिक सेवा में पदोन्नति दी गई है। इस बाबत भारत सरकार के कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय ने वर्ष 2024 की रिक्तियों के आधार पर नियुक्ति से संबंधित अधिसूचना जारी कर दी है।
वहीं केंद्र सरकार के इस फैसले से राज्य के पदोन्नति पाए अधिकारियों और उनके परिजनों में खुशी का माहौल है। सभी अधिकारियों को झारखंड कैडर में आईएएस के रूप में नियुक्त किया गया है और उन्हें वर्ष 2015 बैच आवंटित किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार झारखंड सरकार के कार्मिक विभाग ने रिक्त पदों के आलोक में 57 अधिकारियों के नाम संघ लोक सेवा आयोग को भेजे थे। नियम के अनुसार एक पद के लिए तीन नामों की अनुशंसा की जाती है। संघ लोक सेवा आयोग और कार्मिक विभाग की समीक्षा के बाद वरिष्ठता, सेवा रिकॉर्ड और अनुभव के आधार पर 15 अधिकारियों के नामों को अंतिम रूप दिया।
आईएएस में पदोन्नति पाने वाले अधिकारियों में दिलेश्वर महतो, इश्तेयाक अहमद, विद्यानंद शर्मा पंकज, संगीता लाल, राबिन टोप्पो, नयनतारा केरकेट्टा, अरुण कुमार सिंह, आलोक शिकारी कच्छप, अनिलसन लकड़ा, नागेंद्र पासवान, सुबोध कुमार, आसिफ एकराम, नीरज कुमार सिंह, जुल्फिकार अली और अर्चना मेहता के नाम शामिल हैं। वहीं सूची में शामिल चार अधिकारी पवन कुमार मंडल, राजीव रंजन, अमित कुमार और कुंदन कुमार की प्रोन्नति फिलहाल रोक दी गई है। कार्मिक विभाग के अनुसार इन अधिकारियों के खिलाफ विभिन्न मामलों में चार्जशीट लंबित होने के कारण यह निर्णय लिया गया है। अगर भविष्य में इन अधिकारियों को न्यायालय से राहत मिलती है, तो उनके मामलों पर पुनः विचार किया जा सकता है।











