(विजय सिंह, संवाददाता, बोकारो)
बोकारो - तालाब में डूबने से 10 वर्षीय बच्चे की मौत खबर सामने आई है। बताया गया कि चास के रामनगर कॉलोनी स्थित पुराने बांध तालाब में डूबने से 10 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। मृत बच्चे की पहचान रोहन कुमार, पिता– मुन्ना साव के रूप में हुई है, जो कैलाश नगर चास का निवासी बताया जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार रोहन अपने दोस्तों के साथ तालाब में नहाने गया था। नहाने के दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। स्थानीय लोगों की मदद से बच्चे को तालाब से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। रोहन अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था और मेन रोड स्थित बांग्ला मध्य विद्यालय का छात्र था। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है और पूरे इलाके में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तालाब के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है।









