(राजेश कुमार मुंडा, संवाददाता, रामगढ़)
रामगढ़ - कुज्जू क्षेत्र अंतर्गत मुरपा स्थित श्रीराम पावर प्लांट में रविवार को भट्टी ब्लास्ट के दौरान घायल हुए 9 से अधिक मजदूरों में से एक मजदूर 26 वर्षीय रमेश ठाकुर की इलाज के दौरान मौत हो गई। मजदूर की मौत की खबर मिलते ही स्थानीय लोगों और मजदूरों का आक्रोश फूट पड़ा। बड़ी संख्या में मजदूरों और स्थानीय लोगों ने प्लांट के मुख्य गेट को पूरी तरह जाम कर दिया और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए।
मजदूरों का आरोप है कि फैक्ट्री में लगातार हादसे हो रहे हैं और मजदूरों की जान जोखिम में डालकर काम कराया जा रहा है। उनका कहना है कि हादसों के बावजूद प्लांट प्रबंधन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पर्याप्त कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। प्रदर्शनकारी मजदूर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, हादसे की जांच और मृतक मजदूर के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं।








