(चंदन सिंह, संवाददाता, बोकारो)
बोकारो - बोकारो बाल कल्याण समिति की पहल से असम के दो बच्चों को करीब पांच साल बाद उनके माता-पिता का साथ मिल गया। दोनों बच्चे वर्ष 2021 में बोकारो रेलवे स्टेशन पर मिले थे और भाषा संबंधी परेशानी के कारण अपना सही नाम-पता नहीं बता पा रहे थे। चाइल्ड लाइन के माध्यम से दोनों बच्चों को बाल कल्याण समिति के संरक्षण में लाया गया, जिसके बाद उनके परिजनों की तलाश शुरू की गई।
बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष लीला देवी ने बताया कि दोनों बच्चे खेल-खेल में ट्रेन पर सवार होकर बोकारो पहुंच गए थे। बच्चों के लापता होने के बाद उनके माता-पिता ने संबंधित थाने में मामला भी दर्ज कराया था। लेकिन बच्चों से सही जानकारी नहीं मिलने और भाषा की समस्या के कारण उनके परिजनों तक पहुंचने में काफी समय लग गया।
लगातार प्रयास के बाद समिति को बच्चों के माता-पिता की जानकारी मिली। इसके बाद सबसे पहले वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बच्चों की उनके माता-पिता से बात कराई गई। पहचान और संतुष्टि की प्रक्रिया पूरी होने के बाद संबंधित थाना से संपर्क कर कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई और अब दोनों बच्चों को उनके माता-पिता को सौंपा गया।
लीला देवी ने बताया कि जब दोनों बच्चे बोकारो में मिले थे, तब उनकी उम्र करीब 10 वर्ष थी और अब वे लगभग 15 वर्ष के हो चुके हैं। पांच साल बाद बच्चों को उनके पिता का सहारा मिलने पर बाल कल्याण समिति ने खुशी जताई है।








