रांची - जगन्नाथपुर रथ मेले के 10 दिवसीय आयोजन (16 से 25 जुलाई) को लेकर पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। गुरुवार से शुरू हो रहे मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पूरे मेला परिसर में सात वाच टावर बनाए गए हैं तथा करीब 1000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। सुरक्षा व्यवस्था में रैपिड एक्शन पुलिस, इको, जैप, जैप-10 की महिला बटालियन, जिला पुलिस, होमगार्ड, एसआईआरबी सहित अन्य सुरक्षा बलों के जवान शामिल रहेंगे। वहीं मेला परिसर की निगरानी के लिए बड़ी संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके साथ ही ड्रोन कैमरों के माध्यम से भी पूरे क्षेत्र पर नजर रखी जा रही है।
मेला परिसर की निगरानी के लिए दो कंट्रोल रूम बनाए गए हैं। पहला निलाद्री भवन में और दूसरा मौसीबाड़ी के सामने स्थापित किया गया है। दोनों कंट्रोल रूम 24 घंटे संचालित रहेंगे। सुरक्षा व्यवस्था की मॉनिटरिंग रांची एसएसपी राकेश रंजन स्वयं कर रहे हैं, जबकि हटिया डीएसपी नीरज कुमार लगातार सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा में जुटे हैं।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित यातायात व्यवस्था का पालन करें और पुलिस के निर्देशों पर अमल करें, ताकि मेला शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सके।








