असम – असम में ट्रेन संख्या 20507 डीएन सैरांग–नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस के साथ एक बड़ा हादसा सामने आया है। बताया गया कि उक्त ट्रेन 8 हाथियों के एक झुंड से टकरा गई, जिनमें से कई हाथियों की मौत हो गई। इस हादसा में ट्रेन का इंजन और उसके पांच डिब्बे पटरी से उतर गए। लेकिन राहत वाली बात यह रही कि इस हादसे में ट्रेन में सवार किसी भी यात्री को कोई चोट नहीं आई है।
जानकारी के अनुसार ट्रेन के लोको पायलट ने हाथियों को ट्रैक पर देखकर आपातकालीन ब्रेक लगाए, लेकिन ट्रेन हाथियों के झुंड से टकरा गई। यह हादसा गुवाहाटी से लगभग 126 किलोमीटर दूर पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के लुमडिंग डिवीजन में हुआ है। इस घटना से असम और पूर्वोत्तर के अन्य हिस्सों के लिए कई ट्रेनों को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया गया है। वहीं रेलवे की टीम ट्रैक की मरम्मत के काम में जुट गई हैं।








