आशीष प्रसाद (संवाददाता)
RANCHI: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा लगातार नौकरी देने का कारवां बढ़ाते ही जा रहें हैं. आज राजधानी रांची के खेलगांव स्थित टाना भगत इंडोर स्टेडियम में 1,042 नवनियुक्त सहायक आचार्यों को नियुक्ति पत्र सौंपे. यह वितरण स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग द्वारा राज्य के सरकारी प्राथमिक और मध्य विद्यालयों में शिक्षकों की कमी को दूर करने के लिए आयोजित किया गया. कार्यक्रम में जिन अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र मिला, उनमें से 274 पहली से पांचवीं कक्षा के लिए इंटर प्रशिक्षित सहायक आचार्य पद के लिए नियुक्त किए गए हैं। वहीं, 768 अभ्यर्थियों की नियुक्ति छठी से आठवीं कक्षा के लिए स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्य के पद पर हुई है। स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्यों में सामाजिक विज्ञान विषय के 387, गणित एवं विज्ञान के 231 तथा भाषा विषय के 150 सहायक आचार्य सम्मिलित हैं। जिलावार नियुक्ति की बात करें तो सबसे अधिक पलामू जिले के लिए 123 तथा रामगढ़ के लिए सबसे कम चार सहायक आचार्यों की नियुक्ति हुई है।








