(आशीष प्रसाद, संवाददाता, रांची)
रांची - नशामुक्त झारखंड बनाने के संकल्प के साथ चल रहा राज्यव्यापी जागरुकता अभियान का गुरूवार को समापन हो गया। गौरतलब हो कि नशामुक्त झारखंड बनाने के लिए राज्य सरकार के द्वारा 15 जून से आयोजित मादक पदार्थों के दुरुपयोग के विरुद्ध राज्यव्यापी जागरुकता अभियान चलाया जा रहा था। जिसका समापन हो गया।
राजधानी रांची के डोरंडा स्थित शौर्य सभागार में आयोजित समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी शामिल हुए। मंत्री इरफान अंसार ने कहा कि यह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की दूरदृष्टि सोच और संवेदनशील नेतृत्व का परिणाम है। यह अभियान का समापन नहीं, बल्कि राज्य को नशामुक्त और अपराधमुक्त बनाने की दिशा में एक नई शुरुआत है। यह केवल राजधानी रांची तक नहीं, बल्कि राज्य के हर गांव तक चलेगा। जिससे अफीम की खेती से लेकर अन्य नशा जो आसानी से लोगों तक पहुंच जाता है, उसे रोकने में हम कामयाब हो सकेंगे।








