(चंदन सिंह, संवाददाता, बोकारो)
बोकारो - बोकारो के गोमिया प्रखंड से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां शराब के नशे में धुत एक बेटे ने मामूली विवाद के बाद अपने ही पिता की टांगी से वार कर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना जगेश्वर विहार थाना क्षेत्र के तिलैया पंचायत अंतर्गत कारीपानी गांव की है। बताया गया कि शुक्रवार देर रात 63 वर्षीय जयलाल करमाली ने अपने बेटे अर्जुन करमाली को पत्नी के साथ मारपीट कर घर से भगाने पर आपत्ति जताई थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक हो गई। गुस्से और शराब के नशे में धुत 30 वर्षीय अर्जुन करमाली ने घर में रखी टांगी से अपने पिता पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से जयलाल करमाली की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही जगेश्वर विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी अर्जुन करमाली को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले की आगे की जांच जारी है।







