हजारीबाग - प्राकृतिक सुंदरता, हरियाली और शांत वातावरण के लिए प्रसिद्ध हजारीबाग शहर के प्रमुख स्थलों में सितागढ़ा पहाड़ का विशेष स्थान है। शहर के निकट स्थित यह पहाड़ प्रकृति प्रेमियों, मॉर्निंग वॉक करने वालों, ट्रैकिंग के शौकीनों और धार्मिक आस्था रखने वाले लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
गौरतलब हो कि सितागढ़ा पहाड़ की ऊंचाई से पूरे हजारीबाग शहर का मनोरम दृश्य दिखाई देता है। सूर्योदय और सूर्यास्त के समय यहां का नजारा बेहद मनमोहक होता है। बरसात के मौसम में चारों ओर फैली हरियाली और पहाड़ी की प्राकृतिक छटा पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करती है।
यह क्षेत्र धार्मिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जाता है। क्योंकि बगल में ही कोलकाता पिंजरापोल सोसायटी हजारीबाग गोशाला है। त्योहारों और विशेष अवसरों पर यहां अच्छी-खासी भीड़ उमड़ती है। कुल मिला कर कहा जाए तो सितागढ़ा पहाड़ न केवल पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के लिए भी इसकी अहम भूमिका है।
स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि यहां मूलभूत पर्यटन सुविधाओं, बेहतर सड़क, सुरक्षा व्यवस्था, व्यू-पॉइंट, बैठने की व्यवस्था और स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाए, तो सितागढ़ा पहाड़ हजारीबाग के प्रमुख पर्यटन स्थलों में और अधिक विकसित हो सकता है।








