(प्रमोद खंडेलवाल, संवाददाता, हजारीबाग)
हजारीबाग - स्वामी धर्मबंधु कॉलेज ऑफ एजुकेशन, हजारीबाग के आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ के तत्वावधान में भारतीय ज्ञान परंपरा विषय पर हाइब्रिड मोड में एक दिवसीय राष्ट्रीय सेमिनार का सफल आयोजन किया गया। सेमिनार का उद्देश्य भारत की समृद्ध ज्ञान परंपरा, सांस्कृतिक विरासत तथा वर्तमान शिक्षा व्यवस्था में उसकी प्रासंगिकता पर गंभीर विमर्श करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों एवं विशिष्ट अतिथियों के आगमन, दीप प्रज्वलन, स्वागत गीत तथा अतिथियों के सम्मान के साथ हुआ। महाविद्यालय के अध्यक्ष एवं बरही विधानसभा क्षेत्र के विधायक मनोज कुमार यादव, निदेशक डॉ. नजीर अंसारी तथा प्राचार्या डॉ. सारिका कुमारी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए भारतीय ज्ञान परंपरा के महत्व पर प्रकाश डाला। आयोजित सेमिनार में प्रो. (डॉ.) चंद्र भूषण शर्मा, कुलपति, विनोबा भावे विश्वविद्यालय, हजारीबाग, विश्वविद्यालय के कुलसचिव सुरेंद्र प्रसाद कुशवाहा तथा परीक्षा नियंत्रक डॉ. पंकज कुमार मांझी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।








