नई दिल्ली - सुप्रीम कोर्ट ने जंतर-मंतर पर CJP के धरने के दौरान छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के मामले में तुरंत सुनवाई से इनकार किया है। याचिकाकर्ता की ओर से कहा गया कि जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों के ऊपर पुलिस ने जरूरत से ज्यादा बल प्रयोग किया। सुनवाई के दौरान वीडियो का जिक्र होते ही मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ ने मामले में तत्काल सुनवाई से इंकार करते हुए कहा कि हमारे पास वीडियो देखने के लिए समय नहीं है और ना ही हम उसमें रूची रखते हैं। हमारा और अपना समय बर्बाद मत कीजिए। इससे पूर्व दिल्ली हाईकोर्ट ने भी इसी मुद्दे पर तत्काल सुनवाई से इनकार कर दिया था।
गौरतलब हो कि NEET-UG पेपर लीक मामले और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफा की मांग को लेकर CJP पिछले एक महीने से जंतर-मंतर पर धरना दे रही है। इसी बीच बीते 20 जुलाई को चलो संसद मार्च निकाला गया था, जिसमें पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई और कई लोगों को हिरासत में लिया गया।







